बारावफात के जुलूस के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का बैनर उतरवाने की बात कहने वाले रजा-ए-मुस्तफा के तहसील प्रभारी मोहिद रजा को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। बैनर की रस्सी तोड़ने का आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
बता दें कि क्षेत्र में बारावफात के जुलूस के दौरान रास्ते में लगे संघ के एक बैनर पर भारत माता का चित्र देख लोगों ने उसके नीचे से अंजुमनों को निकालने से इंकार कर दिया। इसके बाद किसी ने बैनर को हटा देने का अनाउंसमेंट किया तो एक युवक ने आगे बढ़कर बैनर उतार दिया।
संघ के शैलेंद्र सिंह ने इस पर आपत्ति जाहिर करते हुए पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मोहल्ला बजरिया के मोहिद रजा ने बैनर हटाने का अनाउंसमेंट किया था और कटरा के नदीम ने बैनर उतारा था। पुलिस ने मोहिद रजा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं दूसरे को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।