बरेली। जल्दबाजी के चक्कर में रेलवे फाटक के बूम तोड़ने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को लाल फाटक पर बूम तोड़ने की घटना के बाद बुधवार रात रामगंगा रेलवे क्रॉसिंग पर भी यही हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बुधवार देर रात मैनपुरी निवासी शैलेंद्र सिंह ट्राला लेकर जा रहा था। मैनपुरी जाते समय रामगंगा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान उसने तेजी से निकलने की कोशिश की। इस कोशिश में फाटक से ट्राला टकरा गया। गेटमैन ने आरपीएफ को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने ट्राला कब्जे में लेकर शैलेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी घटना सोमवार रात लाल फाटक पर हुई थी। शाहजहांपुर का गौरव कुमार जीप लेकर बदायूं की ओर जा रहा था। उसने भी जल्दी निकलने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के फाटक का बूम क्षतिग्रस्त कर दिया था। इंजीनियरिंग टीम ने दोनों रेलवे क्रॉसिंग के बूम की मरम्मत कर ठीक कर दिया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएस तोमर ने बताया कि दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।