सीबीगंज में ईट के भट्टा के पास बने तालाबनुमा गड्ढे में बच्चे की मौत होने के चौबीस घंटे के अंदर डेलापीर में नूरी मस्जिद के पास घर के बाहर खेल रहा चार साल का मासूम नाले में गिर गया। करीब चार घंटे बाद उसका शव बरामद किया जा सका।
पीलीभीत के जिला पूरनपुर निवासी छोटेलाल बीते दो महीने से नूरी मस्जिद के पास मो. नन्हे के मकान में किराये पर रहकर मजदूरी करते हैं। बुधवार सुबह उनका चार वर्षीय बेटा शिवम घर के बाहर खेलने निकला। दो घंटे तक वापस नहीं लौटा तो परिजन ढूंढने निकले, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मोहल्ले के लोग भी खोजबीन में जुट गए। कुछ देर बाद किसी की नजर नाले में उतराते शव पर पड़ी। बच्चे के शव की आशंका में लोग नाले में उतर गए। मासूम का शव बाहर निकाला। इज्जतनगर थाने के इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिसबल के साथ छोटेलाल के घर पहुंचे। छोटे लाल ने पुलिस से पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। परिवार अपने गांव लौटना चाहता था, लेकिन माली हालत खराब थी। इसके बाद पुलिस और मोहल्ले वालों ने मिलकर करीब साढ़े चार हजार का चंदा करके परिवार को दिया। इसके बाद गाड़ी बुक करवाकर उन्हें पीलीभीत स्थित गांव भेजा जा सका।