बरेली। बेटों से झगड़ा होने के बाद उनकी मां ने किशोर को जबरन घर लेकर बंधक बना लिया और जमकर पीटा। पीड़ित किशोर के घरवालों को जानकारी मिली तो उन्होंने वहां हंगामा किया। पीड़ित घरवालों के मुताबिक महिला ने बेटे को जान से मारने की कोशिश भी की। आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में तहरीर सौंपी गई है।
इज्जतनगर के सैदपुर हाकिंस निवासी गेदनलाल एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनका बेटा बब्लू रविवार शाम घर के बाहर लगे सरकारी नल पर नहाने गया था। बताया कि इसी बीच मोहल्ले के दो भाई वहां पहुंचे और उससे झगड़ा करने लगे। विरोध करने पर दोनों भाई उसे पीटने लगे और उन्होंने अपनी मां को भी बुला लिया। इसके बाद काफी देर तक बब्लू घर नहीं लौटा तो उसे ढूंढना शुरू किया। गेदनलाल के मुताबिक पूछताछ करने पर मोहल्ले वालों ने बब्लू के महिला के घर में बंधक बने होने की बात बताई। आरोप है कि झगड़े के बाद महिला ने बब्लू को जबरन घर ले गई थी, वहां उसे बंधक बनाकर पीटा और उसके हाथ पर चाकू से वार किए। महिला ने उसे जान से मारने की कोशिश भी की। बताया कि वह महिला के घर पहुंचे तो बेटे के चीखने की आवाज सुनी। मोहल्ले वालों ने इकट्ठा होकर शोर मचाया तो आरोपियों ने बब्लू को बाहर निकालकर घर बंद कर लिया।