बरेली जिला जेल से रुद्रपुर कोर्ट में पेशी पर ले जाया जा रहा शातिर गुरुवार देर रात जंक्शन पर सिपाहियों को गच्चा देकर फरार हो गया। लापरवाही के गंभीर मामले में तीन सिपाहियों को निलंबित करके उनके खिलाफ जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि तीनों को थाने से ही जमानत दे दी गई। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।
शीशगढ़ के एक लूट के मुकदमे के सिलसिले में जिला जेल में निरुद्ध भोजीपुरा थाने के गांव बुझिया शुमाली निवासी हरिनंदन उर्फ दिनेश पुत्र सियाराम की पेशी शुक्रवार को एक अन्य मामले में रुद्रपुर के एडिशनल जज स्पेशल कोर्ट में होनी थी। गुरुवार रात हेड कांस्टेबल साजिद अली, कांस्टेबल बलजीत सिंह और कांस्टेबल इस्तियाक जेल से हरिनंदन को लेकर रात 12 बजे के करीब जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन के इंतजार में बैठे थे। सिपाहियों के मुताबिक हरिनंदन ने मच्छरों से बचने का नाटक करते हुए सिर पर अंगोछा डाल रखा था। इस बीच उसने गमछे में अपना हाथ डालकर हथकड़ी ढीली कर ली। फिर उसने सिपाहियों से लघुशंका कराने को कहा। वे उसे लेकर प्लेटफार्म पर एक साइड में गए तो वह अंधेरे का फायदा उठाकर हथकड़ी छोड़कर फरार हो गया।
सिपाही उसके पीछे कुछ दूर भागे पर वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मोबाइल से आरआई को सूचना दी। आरआई महावीर सिंह ने जीआरपी थाने आकर तीनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तीनों को गिरफ्तार कर हथकड़ी व शस्त्र जमा करा लिए गए। शुक्रवार को इन्हें जमानत दे दी गई।
आरोपी हरिनंदन के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वह सिपाहियों को गच्चा देकर फरार हो गया। सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं, उसकी जल्दी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - रोहित सिंह सचवाण, एसपी सिटी
हमने तहरीर के आधार पर सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उन पर जो धारा लगी है उसमें दो साल तक की सजा का ही प्रावधान है। इसलिए नियमानुसार जमानत दे दी गई। जीआरपी अपने स्तर से आरोपी की तेजी से तलाश कर रही है। - नित्यानंद सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी