परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्री में लूटपाट के दूसरे ही दिन मथुरापुर में चोरी की वारदात हो गई। चोर एक घर से लाखों के जेवर और नगदी ले उड़े। एसपी क्राइम रमेश भारतीय ने क्राइम ब्रांच और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर छानबीन की। एडीजी प्रेम प्रकाश भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार से घटना के बारे में पूछताछ की।
मूल रूप से बिसौली (बदायूं) के गांव लक्ष्मीपुर निवासी अवधेश कुमार मथुरापुर गांव में अपने ससुर शिवकुमार के घर पर रहते हैं। रविवार रात को पूरा परिवार छत पर सो रहा था। आधी रात को बारिश होने पर वे नीचे आए तो घर में सारा सामान बिखरा देखकर होश उड़ गए। इसके बाद यूपी 100 को चोरी होने की सूचना दी गई। परिवार के मुताबिक चोर घर से करीब दो लाख कैश और सोने के जेवर व कीमती सामान ले गए। अवधेश की तहरीर पर सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, एडीजी प्रेम प्रकाश केमिकल फैक्ट्री में भी पहुंचे। सीबीगंज पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने होश में आने पर चौकीदार के बयान लेने और बदमाशों को जल्द पकड़ने को कहा।