बरेली। छात्रा को अगवा करने के मामले में पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न करने केे सवाल पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पीड़िता ने ही तहरीर देने में देरी की थी। अब पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देगी।
इज्जतनगर क्षेत्र निवासी एक बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को 17 मार्च को परीक्षा देने जाते वक्त मोहल्ले के एक व्यक्ति ने अगवा करने की कोशिश की थी। जिसको लेकर शिकायत करने के बावजूद इज्जतनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। जिसके बाद एसएसपी से थाना पुलिस के रवैये की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ दस दिन बाद शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि दोनों में एक आरोपी मानसिक विक्षिप्त है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपियों को थाने लाने के बाद पीड़िता से तहरीर मांगी गई थी। लेकिन, वह टालती रही। इसके बाद वह शिकायत पत्र लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय कार्यालय पहुंची। मामले की छानबीन गंभीरता से की जा रही है।