स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने वाली छात्रा ने बुधवार को हॉस्टल के सील कमरे की जांच के बाद स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ एक और आरोप लगाया है। छात्रा ने कहा कि हॉस्टल के जिस कमरे में स्वामी के खिलाफ उसने साक्ष्य होने की बात कही थी, उस कमरे से साक्ष्य गायब हो गए।
उसने एसआईटी को लिखित शिकायत कर कार्रवाई करने का मांग की है। बता दें कि छात्रा ने नौ सितंबर को अपने घर पर प्रेस कांफ्रेंस कर स्वामी पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए यह दावा किया था कि एसएस लॉ कॉलेज के हॉस्टल रूम में स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ सबूत रखे हुए हैं।
इसके बाद 10 सितंबर को एसआईटी कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रा और उसके पिता को लेकर हॉस्टल के कमरे को खंगालने पहुंची। यहां टीम को छात्रा द्वारा बताया गया खुफिया कैमरे वाला चश्मा और चिप व सिंगल बेड की चादर गायब मिली।
कमरे के सामान की जांच-पड़ताल करने के बाद रूम को पूरी तरह से सील कर दिया गया। कमरे से सबूत गायब होने पर छात्रा के पिता ने बताया कि तहरीर दिए जाने के तीसरे दिन रपोर्ट दर्ज की गई और दो दिन बाद कमरे को सील किया गया। हॉस्टल रूम में लगा ताला भी कॉलेज की ओर से दिया गया था, एक चाबी उसकी बेटी के पास थी तो दूसरी चाबी कॉलेज में किसी के पास रही होगी।
उन्होंने कहा कि कमरा सील करने में देरी की वजह से बेटी के रूम में छेड़छाड़ कर साक्ष्यों को गायब कर दिया गया। पिता ने बताया कि मामले में बेटी ने एसआईटी को लिखित शिकायत की है। वहीं छात्रा ने बताया कि चश्मा और चिप एक पर्स में रखी थी, जो गायब है।