उझानी (बदायूं)। कछला में दुष्कर्म के बाद किशोरी को ट्रेन के आगे फेंके जाने के आरोप ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का एक वीडियो अफसरों को भेजा है, जिसके आधार पर वह आत्महत्या का साबित करना चाहती है। लेकिन अब यह बात सामने आ रही है कि किशोरी के एक सहेली, जिसके पास हत्या राज छिपा हो सकता है। उसके सामने आने से यह पता चल सकता है कि किशोरी को ट्रेन के आगे किसने फेंका।
मृत किशोरी का पिता सात सितंबर को ही कछला के दो युवकों पर दुष्कर्म कर उसकी बेटी को ट्रेन के आगे फेंक दिए जाने का आरोप लगा चुका है। ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी के दोनों पैर छह सितंबर को कटे थे, लेकिन मौत इलाज के दौरान 10 सितंबर को हुई। आरोप की तहकीकात में जुटी पुलिस अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, लेकिन घटना वाले दिन के वीडियो को अफसरों तक पहुंचाकर कोतवाली पुलिस ने मामला आत्महत्या का ठहराने के लिए एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। रेलवे ट्रैक पर घायलावस्था में पड़ी किशोरी को वीडियो में यह कहते हुए सुना गया है कि उसके घर में झगड़ा हो गया था। उसे परिवार के किसी सदस्य ने प्रताड़ित किया या फिर आरोपी दोनों युवकों ने ट्रेन के आगे फेंका, इसका जिक्र वीडियो में नहीं है।
कछला कसबे में भी इसे लेकर बुधवार को पूरे दिन लोगों की जुबां पर तमाम तरह की बातें रहीं। लोगों में से किसी ने पुलिस को एक लड़की का नाम बताया है जो मृतका की खास सहेली बताई गई है। उसकी इस सहेली का संबंध आरोपी युवकों से भी रहा है। पूरे घटनाक्रम की हकीकत भी उसे पता है। उसे अभी सामने नहीं लाया गया है, लेकिन उसका सामने आकर बयान देना किसी एक को तो भारी जरूर पड़ेगा। इस बीच, शाम को किशोरी का शव घर पहुंचा तो मोहल्ले के लोगों का भी जमघट लग गया। देर शाम उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इधर, कछला पुलिस चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। जो भी हकीकत सामने आएगी, कार्रवाई भी उसी आधार पर होगी।
छह सितंबर को प्रात: साढ़े छह बजे कछला के रेलवे स्टेशन के गैंगमैन द्वारा सूचना दी गई कि एक लड़की आते हुए रेलवे इंजन के सामने कूद गई है। तत्काल चौकी पर तैनात कांस्टेबल भूपेंद्र और महिपाल वहां पर पहुंचे। कांस्टेबल ने एक 23 सेकेंड की वीडियो बनाई है, जिसमें लड़की ने घर से झगड़ा होने की बात स्वीकार की है। अभी तक किसी तरह की तहरीर थाना स्तर पर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही तहरीर प्राप्त होती है और जो भी साक्ष्य होंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी