नार्थ रेलवे कॉलोनी में मारे गए इमरान की हत्या का खुलासा करने के लिए उसके परिवार वालों ने पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम दे दिया है। इमरान के पिता का कहना है कि दो दिन में खुलासा न हुआ तो वह जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर देंगे। उधर कोतवाली पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इतना ही पता लगा है कि इमरान को लड़कियों के दोस्ती करने का शौक था। उसके मोबाइल में कई लड़कियों के मोबाइल नंबर मिले हैं।
इमरान के दोस्त रवि, आशु, अंशु और आशीष मैसी कालू आदि पुलिस की हिरासत में हैं। रवि की दिल की बीमारी होने की वजह से हत्या के अगले दिन घर भेज दिया गया था लेकिन प्रमुख रूप से पुलिस के शक की सुई रवि और आशु पर ही टिकी हुई है। इसीलिए पुलिस ने रवि को पूछताछ के लिए फि र बुलाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इमरान मर्डर केस में जिस लड़की को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की गई है, उससे किसी और की भी दोस्ती है। यह भी हत्या की वजह हो सकती है लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर पा रही है। उधर इमरान के पिता का कहना है कि दो मई तक घटना का खुलासा नहीं हुआ तो वह पहले डीआईजी से मिलेंगे और फिर जिला मुख्यालय पर आंदोलन शुरू कर देंगे। सीओ सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि इमरान के मोबाइल में कई लड़कियों के नंबर मिले हैं। हिरासत में लिए गए लड़कों से पूछताछ की जा रही है लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है।