बदायूं। एसएसपी ने मंगलवार देर रात दहगवां चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित कर दिया। उन पर आरोप है कि वे लंबे समय से इलाके में जुआ और सट्टा करा रहे थे। जब जांच कराई गई तो आरोप सही पाए गए।
एसआई हेमराज सिंह लंबे समय से दहगवां कस्बे के चौकी इंचार्ज थे। इसी चौकी पर सिपाही संजीव यादव तैनात था। एक दिन पहले सीओ सहसवान को पता चला कि वे लंबे समय से कस्बे में जुआ और सट्टा करा रहे हैं। इस पर सीओ चंद्रपाल सिंह ने गोपनीय रूप से मामले की जांच की। तमाम लोगों के बयान दर्ज किए। इससे यह पुष्ट हुआ कि दोनों पुलिसकर्मी जुआ और सट्टा कराने में शामिल थे। सीओ ने इसकी जांच रिपोर्ट एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को दी। मंगलवार रात दोनों को निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा को दी गई है। संवाद