सिकन्द्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के एक गांव में रिटायर्ड शिक्षक समेत दो घरों से नकदी समेत लाखों का माल चोरी हो गया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने तहरीर नीमगांव पुलिस को दी।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव ढखिया निवासी अशोक पांडे रिटायर्ड शिक्षक हैं। वह शनिवार रात लखीमपुर में थे। उनका पुत्र ललित मोहन घर पर था। ललित मोहन ने बताया कि शनिवार रात वह छत पर सोया था। सुबह चार बजे जब उठा तो घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था और सेफ व बक्से के ताले टूटे थे। ललित मोहन ने बताया कि नकदी व सोना चांदी समेत करीब दो लाख की चोरी हुई है। वहीं गांव के ही प्रवीन ने बताया कि अज्ञात चोर सेंध लगाकर घर में घुस आए और बीस हजार की नकदी समेत जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक नीमगांव गजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर अभी उन्हें नहीं मिली है तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
दुकान में चोरी
भीखमपुर। मोहम्मदाबाद गांव में बाजार की दुकान से शटर को अलग कर चोरों ने हजारों की चोरी कर डाली। थाना हैदराबाद के मोहम्मदाबाद निवासी रामसेवक की कंप्यूटर, फोटोकॉपी की बाजार में दुकान है। शनिवार रात को दीवार से शटर को अलग करके चोरों ने एक कंप्यूटर, बैटरी, इन्वर्टर, माउस की बोर्ड, सीपीयू समेत ग्राहकों के आवश्यक कागजात चुरा कर ले गए। दुकान देखने वाले तकिया निवासी दीपक कुमार ने बताया कि 60-70 हजार का नुकसान हुआ है। चोरी की तहरीर पुलिस में दी गई है।