बरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत होने के बाद उनकी मां ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या की तहरीर सौंपी थी। लेकिन फिर विवाहित बेटी के साथ रह रहे बेटे ने सच्चाई बताई तो उन्होंने तहरीर वापस ले ली। इससे पहले तक महिला बेटी की हत्या के बाद दबाव बनाकर उसका अंतिम संस्कार करने का भी आरोप लगा रही थी।
इज्जतनगर के वीर सावरकर निगर निवासी एक विवाहिता की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिला जहानाबाद के रहने वाले महिला के ससुराली ने बगैर पुलिस को सूचना दिए शव को वहां ले गए। वहां संबंधियों को बुलाकर शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। अब रविवार को महिला अपने दूसरी बेटी के साथ थाने पहुंची और कई आरोप लगाए। आरोप लगाया कि मृतका के ससुरालियों ने उन्हें दबाव में लेकर अंतिम संस्कार किया। मांगों के चलते ससुरालियों ने उसकी हत्या की थी। लेकिन कुछ ही देर बाद बेटे के साथ लौटी महिला ने तहरीर वापस लेकर कार्रवाई से इंकार कर दिया। बताया कि मृतका का भाई भी उसके साथ रहता था। भाई ने बताया कि शनिवार को जब वह कॉलेज से घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने पर नहीं खुला तो उसने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो बहन का शव फंदे पर लटक रहा था।