बरेली। रिक्शा स्टैंड के बुजुर्ग चौकीदार पर देर रात सोते वक्त एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर पास ही सो रहा साथी उठा तो आरोपी भाग निकला। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के मुताबिक आरोपी एक चोर है, जो अक्सर स्टैंड के आसपास घूमता रहता है।
बारादरी क्षेत्र के हजियापुर निवासी कमरुद्दीन इलाके में एक मस्जिद के पास बने रिक्शा स्टैंड पर चौकीदारी करते हैं। स्टैंड पर उनके साथ एक साथी युनूस भी रहते हैं। कमरुद्दीन के मुताबिक मोहल्ले का ही एक युवक अक्सर स्टैंड के पास घूमता नजर आता है। वह चोरी के मामलों में भी कई बार जेल जा चुका है। शुक्रवार को युवक कई बार स्टैंड पर आया तो उन्होंने विरोध किया। इस पर उन्हें धमकी देकर निकल गया। बताया कि देर रात स्टैंड में घुसकर सोते वक्त युवक ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि युवक ने अचानक चाकू से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। शोर सुकर उनका साथी भी उठा तो वह भाग निकला। इंस्पेक्टर बारादरी राहुल सिंह ने बताया कि अभी ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।