बरेली। एक जान पहचान के टेंपो चालक के साथ घर जाने को निकली किशोरी लापता हो गई। परिजनों के मुताबिक फोन करने पर बेटी ने खुद को बचाने की बात कही थी लेकिन उसका फोन बंद हो गया। टेंपो चालक पर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बारादरी थाने में तहरीर सौंपी थी। हालांकि आरोपी के खिलाफ पुलिस ने किशोरी को फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी क्षेत्र निवासी किशोरी शनिवार को मां के साथ पीलीभीत बाईपास स्थित ननिहाल पहुंची हुई थी। यहां किशोरी ने किसी काम से घर जाने की जिद की तो मां ने एक जान पहचान के टेंपो चालक सीबीगंज के महेशपुरम निवासी रंजीत गिरि उर्फ भूरा को उसे छोड़ने के लिए बुलाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे भूरा उनसे ग्रीन पार्क के गेट के सामने से बैठा कर ले गया। किशोरी की मां के मुताबिक करीब आधे घंटे बाद उन्होंने किशोरी को फोन किया तो खतरे में होने की बात कहते हुए बचा लेने की बात की। इसके बाद से नंबर बंद जाने लगा। आरोप है भूरा उनकी बेटी का अपहरण कर उसे कहीं ले गया है।