बरेली में एलएलबी की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी सिपाही ओम श्याम हरि को जेल भेज दिया गया। सिपाही की करतूतों से परेशान पीड़ित छात्रा बुधवार को एसएसपी से मिली। उन्हें सिपाही की करतूतों के सुबूत दिखाए। इस पर एसपी सिटी और सीओ से प्रारंभिक जांच कराने के बाद कोतवाली में देर शाम सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया। गुरुवार को आरोपी सिपाही को जेल भेज दिया गया।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र की निवासी युवती शहर के प्रेमनगर इलाके के एक महाविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रही है। पुलिस लाइन में तैनात 2021 बैच के सिपाही ने एक बार उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया था। फिर उसे अश्लील मैसेज वीडियो से लेकर भद्दे कमेंट करने लगा।
लॉ की छात्रा से छेड़छाड़: सिपाही ने भेजे अश्लील वीडियो, पीछा कर बोलता था- मुझसे बचना मुश्किल; गिरफ्तार
सिपाही ओम श्याम हरि छात्रा को इस कदर परेशान कर रहा था कि वह बुरी तरह घबरा गई थी। छात्रा दिन में जहां भी घूमती थी, वह उसकी लोकेशन वाली सीसीटीवी फुटेज भी उसको भेजता था। कहता था कि उससे बचना मुश्किल है। छात्रा ने इस मामले में एसएसपी प्रभाकर चौधरी से शिकायत की। एसपी सिटी राहुल भाटी ने जांच कराई तो आरोप सही पाए गए। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।