बरेली। बिजली बिल के बड़े बकाएदारों के कनेक्शन अब अभियान चलाकर काटे जाएंगे। इसके लिए एक लाख से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं का चिह्नीकरण शुरू किया गया है। जल्द ही इन उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बड़े बकाएदारों के खिलाफ बिजली निगम और विजिलेंस संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। निर्देश मिलने के बाद विजिलेंस ने बड़े बकाएदारों की सूची तैयार करने का काम शुरू किया है। यह वह उपभोक्ता हैं, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया है। कई बार इन उपभोक्ताओं को बिल जमा करने का नोटिस दिया जा चुका है। बिजली अफसरों से सांठगांठ के चलते यह लोग बिल जमा ही नहीं करते। पिछले दिनों 15 हजार से अधिक के बकाएदारों के डिस्कनेक्शन अभियान के दौरान भी यह लोग कार्रवाई से बचे रहे। इसीलिए इस बार अभियान का जिम्मा विजिलेंस को सौंपा गया है। बिजली निगम अफसरों के साथ विजिलेंस की टीम भी डिस्कनेक्शन अभियान में हिस्सा लेगी। विजिलेंस के जिला प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया डिवीजनवार इसकी सूची तैयार की जा रही है। इन उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के लिए अभियान इसी महीने शुरू किया जाएगा।