बदायूं में बुद्धिजीवियों के साथ रिश्ता जोड़कर भाजपा के लिए मत प्रतिशत बढ़ाने की मुहिम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बदायूं क्लब के मैदान में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सेना, पुलिस, प्रशासन, न्यायपालिका के सेवानिवृत्त अधिकारी के अलावा डाक्टर, इंजीनियर, चार्टड एकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी, अधिवक्ता, इंटर व डिग्री कॉलेजों के शिक्षक सम्मेलन में शामिल होंगे। इनकी संख्या करीब 1500 रहेगी।
भाजपा संगठन प्रबुद्ध वर्ग को प्रभावी वोटर मानता है। इनके जरिए दूसरे मतदाताओं का विचार परिवर्तन हो सकता है। इसी उम्मीद में मुख्यमंत्री ने प्रबुद्ध वर्ग को साधने की मुहिम छेड़ी है। वह मुरादाबाद मंडल के अमरोहा में प्रबुद्ध वर्ग का सम्मेलन कर चुके हैं। अब बरेली मंडल के बदायूं, पीलीभीत, बरेली में 2 अप्रैल को सम्मेलन प्रस्तावित हैं।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य ने बताया कि 2 अप्रैल को मुख्यमंत्री लखनऊ से विशेष हेलीकॉप्टर से आएंगे। एक ही दिन में तीन जिलों की चार लोकसभा सीटों में चुनावी बिगुल फूंकेंगे और मतदताओं को को भी साधेंगे। वह सबसे पहले सुबह 11.35 से 12.35 तक पीलीभीत, दोपहर 1.40 से 2.40 बजे तक बदायूं और 3.40 से 4.40 तक बरेली में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे।