बरेली के चौबारी क्षेत्र में शुक्रवार को दो पक्षों के लोग भिड़ गए। फायरिंग होने लगी, जिससे गांव में दहशत फैल गई। दोनों पक्षों की तरफ से कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के चौबारी गांव में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस बीच हवाई फायरिंग भी की गई। इससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
राजीव कुमार उर्फ राजू चौबारी गांव के पूर्व प्रधान हैं। वह अपने भाई संजीव के साथ शहर की तरफ जा रहे थे, तभी गांव के अजय भदौरिया, मोहन, विशाल, संजय, अभिषेक और करन ने उनकी कार रोक ली। सभी लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। अजय ने संजीव पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली संजीव के कान के पास से निकल गई। दोनों भाई घर में भागे तो हमलावरों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। संजीव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरे पक्ष के संजय भदौरिया ने बताया कि पेड़ लगाने को लेकर गांव के नंदकिशोर से विवाद हुआ था। वह अपने भाई अजय के साथ सब्जी लेकर घर आ रहे थे। तभी राजू फौजी, संजीव, दिपांशु और नंदकिशोर ने रोक लिया। राजू फौजी ने कार से टक्कर मार दी। राजू ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर लहरा दी। बाकी लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आसपास के लोग आए तो सभी आरोपी फरार हो गए। दोनों पक्षों की तरफ से कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।