किला पुल पर ड्रोन से की गयी पतंगवाजो की निगरानी।
बरेली। एडीजी अविनाश चंद्र की सख्ती के बाद चीनी मांझे का इस्तेमाल रोकने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है। बृहस्पतिवार को इज्जतनगर पुलिस ने चीनी मांझा बेच रहे मिथलापुरी के बाप-बेटे बाबू और आमिर को गिरफ्तार किया। वहीं, किला पुलिस ने ड्रोन कैमरे के जरिये पतंगबाजों की निगरानी की। बारादरी पुलिस ने भी श्यामगंज पुल पर सेफ्टी वायर लगाने का काम शुरू कर दिया है।
चीनी मांझे से आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। अमर उजाला ने इस पर अभियान शुरू किया तो पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एडीजी अविनाश चंद्र ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बृहस्पतिवार को जिले की पुलिस ने चीनी मांझे पर अभियान छेड़ दिया। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने मिथलापुरी इलाके में दबिश देकर बाबू और उसके बेटे आमिर को चीनी मांझा की दस चरखी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी कप-प्लेट बेचने की दुकान में ही मांझा बेचते थे।
मांझा कारीगरों को दी हिदायत
सीओ द्वितीय आशीष प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर किला राजकुमार तिवारी ने किला पुल और बाकरगंज क्षेत्र में ड्रोन के जरिये पतंगबाजों की तलाश की। इस दौरान मांझा कारीगरों को भी हिदायत दी गई कि मांझे में कांच और लोहे का बुरादा इस्तेमाल न करें। उन्होंने कहा कि ऐसा करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
श्यामगंज पुल पर लगा सेफ्टी वायर
बारादरी इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि श्यामगंज पुल पर मांझे से होने वाले हादसे रोकने के लिए सेफ्टी वायर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को तार की एक लाइन लगा दी गई है और शुक्रवार को वहां तार की एक लाइन और लगाई जाएगी।
सांसद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
बरेली। आंवला सांसद धर्मेंद्र्र कश्यप ने बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। कहा कि चीनी मांझे की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा है कि रक्षाबंधन वाले दिन शहर से लेकर देहात तक खूब पतंगबाजी होती है। सुबह से ही आसमान में पतंगे उड़ना शुरू हो जाती हैं। पतंग कटने के बाद अक्सर पुल से गुजर रहे लोग उसके मांझे में उलझकर जख्मी हो जाते हैं। उन्होंने इसकी बिक्री करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो