राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा है कि बसपा से साफ किया गया कचरा दूसरी पार्टियां संभालाने में जुटी हैं। यह कचरा चुनाव में फायदा नहीं करेगा। विधानसभा चुनाव में बसपा ही बहुमत जुटाने में सक्षम है।
रविवार शाम सिविल लाइंस स्थित एक होटल में एक बातचीत में सिद्दीकी ने बसपा छोड़कर भाजपा और अन्य पार्टियाें में जाने वाले कद्दावर नेताओं पर व्यंग कसते हुए उन्हें कचरा और रिजेक्ट माल बताया। सिद्दीकी ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख नेताओं की पहचान बसपा से मिली थी। उनका अपना कोई वजूद और जनाधार नहीं है।
सिद्दीकी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यूपी में जो स्थिति है उससे सभी परिचित हैं। प्रदेश में महिलाएं तक सुरक्षित नहीं है। जो जितना बड़ा अपराधी है वह उतना ही बड़ा समाजवादी बन गया है। मोदी जी अपना सीना 56 इंच बताते थे, अब दो इंच ही रह गया है। अचानक उमड़े दलित प्रेम से सभी परिचित हैं। सिद्दीकी ने दावा किया कि अगली सरकार बसपा ही बनाएगी। इस मौके पर मुख्य जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्म स्वरूप सागर, जिलाध्यक्ष नरेंद्र सागर, बसपा प्रभारी अजय प्रसाद, जगदीश प्रसाद, अयोध्या प्रसाद गंगवार, राजेंद्र गुप्ता, अली अब्बास, मोंटी शुक्ला आदि मौजूद रहे।
बसपा से निकाला
मंडलीय प्रभारी मौर्य समाज गेंदन लाल मौर्य को पार्टी से निकाल दिया है। राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि बिसौली (बदायूं) निवासी मौर्य के खिलाफ तमाम शिकायतें मिली हैं। अनुशासनहीनता और निष्क्रिय होने से मौर्य को निकाल दिया है।