दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद चिन्मयानंद बीमारी के बहाने बाहर निकलने की पूरी जद्दोजहद कर रहे हैं। सोमवार को पूरनपुर से भाजपा विधायक बाबूराम पासवान उनकी पैरवी में जेल अधीक्षक से मिले और स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चिन्मयानंद को केजीएमसी भिजवाने को कहा।
जेल अधीक्षक ने चिन्मयानंद का स्वास्थ्य सामान्य बताते हुए उन्हें लखनऊ ले जाने की आवश्यकता से इनकार कर दिया। इससे पहले उन्होंने चिन्मयानंद से भी मुलाकात की और उनका हाल जाना। इस दौरान उनके साथ में सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह और चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह भी थे।
शाम करीब चार बजे जेल पहुंचे भाजपा विधायक ने 15 मिनट तक चिन्मयानंद से मुलाकात की। बाद में विधायक ने जेल अधीक्षक राकेश कुमार से चिन्मयानंद की बीमारी को लेकर बात की। उन्होंने जेल अधीक्षक से चिन्मयानंद को इलाज के लिए केजीएमसी भिजवाने को कहा।
उन्होंने कहा कि चिन्मयानंद की दूसरी आंख क्रोनिक डर्मेटाइटिस के कारण खराब हो रही है। मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग के कारण दूसरी आंख की रोशनी जाने का खतरा बढ़ गया है। केजीएमसी के डॉक्टरों ने आंखों के इलाज के लिए 16 अक्तूबर की तारीख तय कर रखी है।