विद्युत नियामक आयोग से जारी नया रेट ट्रैरिफ अगले सप्ताह से प्रभावी हो जाएगा। बिजली विभाग में तैयारी शुरू हो गयी है। बरेली मंडल में बढ़ी दरों से एक लाख से ज्यादा लोगों पर बोझ आएगा। दुकान, चक्की से लेकर सौ किलोवाट क्षमता तक कनेक्शन इससे प्रभावित होंगे।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने कामर्शियल और सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योग पर दरें बढ़ाने पर सहमति दे दी थी। इसलिए अब विद्युत विभाग इसे औपचारिक रूप से लागू कराने के लिए जुट गया है। बताया जाता है कि अगले सप्ताह से नयी दरें विभाग प्रभावी करेगा। इससे पहले गजट जारी होना है। कामर्शियल पर 7.24 और सूक्ष्म, मध्यम और लघु (एमएसएमई) इकाईयों पर 3.99 प्रतिशत दरें बढ़ायी जा रही हैं। इसमें एक से लेकर सौ किलोवाट क्षमता तक विद्युत कनेक्शन शामिल किए गए हैं।
चीफ इंजीनियर राजकुमार अग्रवाल ने कामर्शियल सेक्शन प्रभारी अधिशासी अभियंता जेपीएन सिंह से कहा है कि नयी दरें प्रभावी कराने हेतु तैयारी कर ली जाए। इसके तहत कामर्शियल और औद्योगिक कनेक्शन और उनसे प्राप्त होने वाले राजस्व आदि ब्योरा बनने लगा है।
बरेली जोन में बढ़ेगा दो करोड़ का राजस्व
बरेली जोन में नयी दरें लागू होने से दो करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने की संभावना है। इस बीच व्यापारी संगठन भी नयी दरों के विरोध में लामबंदी करने लगे हैं। उद्योग व्यापार मंडल इसे लेेकर गुरुवार में ज्ञापन सौंप चुका है।
ये होगा प्रभाव
उदाहरण के तौर पर एक किलोवाट दुकान कनेक्शन बिल हर माह पांच सौ रुपये आ रहा है तो अब सवा सात प्रतिशत दरें बढ़ने पर बिल करीब 540 रुपये प्रति माह हो जाएगा। इसी तरह चक्की कनेक्शन पर आने वाला दो हजार रुपये का बिल 21 सौ रुपये होगा। अगर किसी कारखाना कनेक्शन पर एक लाख प्रति माह बिल आ रहा तो बढ़कर कम से कम एक लाख चार हजार रुपये हो जाएगा।
जोन में कामर्शियल और
औद्योगिक कनेक्शन स्थिति
जिला कनेक्शन
बरेली 59,669
बदायूं 11,570
शाहजहांपुर 13,457
पीलीभीत 9,991