सिरौली। पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालु ऊबड़-खाबड़ व कीचड़ वाले मार्ग से होकर बमुश्किल रामगंगा स्नान के लिए पहुंचे।
नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे में रामगंगा घाट जाने के लिए पक्की सड़क निर्माण के लिए लगभग 32 लाख रुपये का बजट पास किया था। इसी क्रम में ठेकेदार ने सड़क निर्माण के लिए एक पखवाड़े पूर्व निर्माण कार्य शुरू कर आसपास के खेतों से मिट्टी उठवाकर सड़क पर डलवाई। इसका खेत मालिकों ने ठेकेदार का विरोध करते हुए थाने जाकर शिकायत की, तब पुलिस ने कार्य को रुकवा दिया और तहसील प्रशासन की नापतौल कराने के बाद कार्य शुरू करने को कहा।
उसके बाद से यह रास्ता खस्ताहाल बना हुआ है। साधन सहकारी समिति के चेयरमैन पुनीत गुप्ता ने वैकल्पिक रास्ता बनाने की मांग की थी, लेकिन कोई प्रबंध न करने से मंगलवार को स्नानार्थी परेशान रहे। उधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने बताया कि सड़क निर्माण की काफी दिक्कतों को दूर किया गया है। कुछ जगहों पर किसानों की मदद से शीघ्र निर्माण शुरू कर दिएगा। संवाद