दस प्रतिभागियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से किया पुरस्कृत
बरेली। अमर उजाला और बरेली स्मार्ट सिटी की ओर से शनिवार को गांधी जयंती पर आयोजित साइकिल रैली में युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया। गांधी उद्यान से साइकिलों पर निकले सैकड़ों युवाओं ने शहर के एक बड़े हिस्से की यात्रा कर गांधी जी के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। रैली के बाद 10 प्रतिभागियों को लकी ड्रॉ के आधार पर पुरस्कृत किया गया।
साइकिल रैली के लिए युवाओं में इतना उत्साह था कि उन्होंने करीब घंटा भर पहले छह बजे से ही गांधी उद्यान पहुंचना शुरू कर दिया। सुबह सात बजे मेयर उमेश गौतम, स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद और नगर निगम के पूर्व उपसभापति अतुल कपूर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। युवा नारे लगाते हुए गांधी उद्यान से मुख्य द्वार से बाहर निकले।
गांधी उद्यान से रैली चौकी चौराहा और सर्किट हाउस चौराहा से हेड पोस्टऑफिस के सामने से गुजरते हुए वीरांगना चौक पहुंची जहां से बीआई बाजार और बरेली क्लब रोड पर गुजरते हुए रोहिला होटल के रास्ते वापस गांधी उद्यान पहुंची। रैली में शामिल युवाओं को वीरागंना चौक पर फल और पानी का वितरण किया गया।
गांधी उद्यान पर आयोजित कार्यक्रम में मेयर के साथ अधिकारियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद लकी ड्रा के माध्यम से चुने गए दस प्रतिभागियों को मेयर व स्मार्ट सिटी के सीईओ ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी के वरिष्ठ महाप्रबंधक भूपेश कुमार सिंह, बरेली कॉलेज के अवधेश कुमार शर्मा, बरेली कॉलेज के एनसीसी इंचार्ज रितेश कुमार चौरसिया, जयनारायण सरस्वती इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।
लकी ड्रा में ये हुए चयनित
लकी ड्रा के माध्यम से पुरस्कृत होने वाले लोगों में एमबी इंटर कॉलेज के सैजान, जयनारायण कॉलेज के छात्र रामकिशन गौड़ व अनमोल प्रजापति, एमबी इंटर कॉलेज के अरुण कुमार, मोहल्ला कहरवान के समर्थ उपाध्याय, शांति विहार सुभाषनगर के अंशुल, जयनारायण कॉलेज के पंकज श्रीवास्तव, एमबी इंटर कॉलेज के विमल भारती, नीतू राठौर, श्वेता यादव और खुशबू शामिल थे।
स्काउट-गाइड ने भी लिया हिस्सा
साइकिल रैली में एमबी इंटर कॉलेज के स्काउट गाइड भी शामिल हुए। स्काउट गाइड के साथ चीफ प्रॉक्टर व खेल शिक्षक डॉ. आरबी तिवारी, शिक्षक ओके यादव, गुरुदेव मिश्रा, एसवी तिवारी, अभिषेक चौरसिया भी शामिल रहे।