छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के सीबीगंज इलाके में छात्रा को रेलवे ट्रैक पर फेंकने के मामले में रात के वक्त बरती गई लापरवाही में अभी और दोषी तय किए जाने हैं। एडीजी ने एसएसपी से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही दूसरे दोषी तय करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
मंगलवार रात सीबीगंज में छात्रा के साथ हुई घटना के मामले में आरोपी और उसके पिता को जेल भेजा जा चुका है। पीड़िता के स्वस्थ होने पर डॉक्टर की अनुमति के बाद ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा। इसी बयान के आधार पर विवेचना आगे बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें-
Bareilly: ट्रेन के आगे छात्रा को फेंकने के मामले में एसओजी टीम भी जांच में जुटी, सीबीगंज में डाला डेरा
आरोप है कि घटना वाली रात थाने के इंस्पेक्टर पीड़ित परिवार से एक बार बात करने के बाद कमरे पर जाकर सो गए थे। अब एडीजी ने लापरवाही के आरोपियों की जांच करने और रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी एसएसपी को दी है।
एसएसपी से मांगी स्पष्टीकरण
एडीजी जोन पीसी मीना ने कहा कि घटना की रात मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं गया। एसएसपी से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, दूसरे अधिकारियों के न जाने को लेकर जांच रिपोर्ट तलब की है। उस पर एक्शन लिया जाएगा।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कहा कि एएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराई जा रही है। निलंबित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच का दायरा बढ़ाकर अन्य के स्तर पर हुई लापरवाही की रिपोर्ट भी तलब की है।
छात्रा की हालत में सुधार
छात्रा की हालत में कुछ सुधार हुआ है। शनिवार दोपहर ड्रेसिंग के लिए छात्रा को वेंटिलेटर से हटाया गया लेकिन हालत स्थिर रही। ड्रेसिंग के बाद उसे आईसीयू में ही रखा गया है। शनिवार सुबह भी छात्रा होश में रही। सांसद संतोष गंगवार, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल उसे देखने अस्पताल पहुंचे।
भाजपा सांसद ने कहा कि छात्रा को सरकारी नौकरी व आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। बता दें कि सीबीगंज इलाके में ट्रेन के आगे फेंके जाने से छात्रा का एक हाथ और दोनों पैर कट गए हैं। आईसीयू उसका उपचार हो रहा है।