फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली बिथरी हत्याकांड: नसरीन के शव का दोबारा हुआ पोस्टमार्टम, तब सामने आई मौत की चौंकाने वाली वजह

Thu, 16 Feb 2023 04:56 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बिथरी थाना क्षेत्र के गांव पदारथपुर में सोमवार की रात डॉ. फारूख आलम की पत्नी नसरीन की हत्या कर दी गई थी। फारूख आलम पत्नी के शव के पास घायल में मिले थे। उनके पेट में चाकू घुसा था। लेकिन नसरीन की हत्या नाक-मुंह दबाकर की गई थी। 
विज्ञापन
नसरीन का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के बिथरी थाना क्षेत्र के गांव पदारथपुर में डॉक्टर फारूख आलम की पत्नी नसरीन की हत्या मुंह और नाक दबाकर की गई थी। 30 घंटे बाद दोबारा पोस्टमार्टम से हत्या की गुत्थी सुलझी। पुलिस को खुलासे के लिए दिशा मिली है कि घटनाक्रम में किसी करीबी का हाथ या उसे जानकारी है।

विज्ञापन


फारूख आलम के घर में सोमवार आधी रात कुछ ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसमें उनकी पत्नी नसरीन की जान चली गई। नसरीन का शव क्लीनिक में पड़ा मिला। नसरीन के भाई आशिक के मुताबिक बहनोई डॉ. फारूख आलम नसरीन के पास ही घायल पड़े थे। उनके पेट में चाकू घुसा था, जो उसने खींचकर निकाला। 

बहनोई ने बताया कि दवा लेने के बहाने घर में घुसे कुछ लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। वह काफी नकदी व जेवर भी लूट ले गए हैं। नसरीन के शव को मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस लाया गया था। देर शाम उसके शव का पोस्टमार्टम हुआ तो डॉक्टर को मौत की वजह ही नहीं मिली। 

विज्ञापन

दोबारा कराया गया पोस्टमार्टम 

रात में जब पुलिस को शव सौंपा जा रहा था तो इंस्पेक्टर क्राइम अजय पांडेय ने अधिकारियों को सूचना दी। एसएसपी और एसपी सिटी यह सुनकर अवाक रह गए कि घटना में मौत की वजह ही नहीं मिली। एसएसपी ने दोबारा पैनल से पोस्टमार्टम कराने को कहा तो शव वहीं रोक दिया गया। 

बुधवार सुबह डीएम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी गई। दोपहर बाद अनुमति मिलने पर पैनल बनाकर पोस्टमार्टम किया गया। एसीएमओ डॉ. चंद्रपाल, डॉ. दिग्विजय और डॉ. राजेश ने टांके दोबारा पोस्टमार्टम किया। अनुभवी फार्मासिस्ट डॉ. आर्या को भी बुलाया गया। करीब 30 घंटे बाद बुधवार शाम को नतीजा निकला कि हत्या बड़ी होशियारी से मुंह व नाक दबाकर की गई। गले पर भी अंगुलियों के हल्के निशान मिले।

फारूख की अस्पताल से छुट्टी

घायल फारूख की जिला अस्पताल से बुधवार दोपहर छुट्टी कर दी गई। परिवार के लोग उन्हें ले गए। वहां भाजपा एमएलसी महाराज सिंह उन्हें देखने पहुंचे और घटना के बारे में पूछा। पत्रकारों ने भी फारूख से बात की। हालांकि उन्होंने ज्यादा सवालों के जवाब नहीं दिए।
विज्ञापन

नए इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे

बिथरी थाने के नए प्रभारी अश्विनी कुमार ने बुधवार को प्रभार संभालने के तुरंत बाद पदारथपुर का रुख किया। वहां घटनास्थल व आसपास खेतों का मुआयना किया। खेत में घर के मेन गेट की एक चाबी भी मिली। इंस्पेक्टर ने पड़ोसियों व प्रधान के पति से भी जानकारी जुटाई।

एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि बिथरी के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट साफ होने से अब खुलासे में देर नहीं लगेगी। घटनाक्रम में कई झोल हैं, जिनके जवाब तलाशे जाएंगे। सच्चाई हर हाल में सामने लाई जाएगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें