राजीव राणा के होटल में ठहरे थे बदमाश
शासन की सख्ती के बाद संबंधित सभी विभाग अपने-अपने स्तर से जांच में जुट गए हैं। इस मामले में पुलिस कार्रवाई के अलावा बीडीए की भूमिका सबसे अहम है। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर बवालियों की संपत्तियां खंगाली जा रही हैं। बवाल के मुख्य आरोपी राजीव राणा और आदित्य उपाध्याय की संपत्तियों पर बीडीए की नजर है। जांच तो कई बिंदुओं पर चल रही है, मगर दो होटल और दो मकान निशाने पर आ गए हैं।
बताया जा रहा है कि इन्हीं होटलों व मकानों में राजीव राना गुट के बदमाशों की शराब पार्टी और रुकने का इंतजाम होता था। मंगलवार को बीडीए की टीम पुलिस फोर्स के साथ राजीव राना के होटल स्टार सिटी और सीके वैली पहुंची और दोनों को सील कर दिया। राना के एक मकान और दुकान पर भी कार्रवाई हुई है।
बेनामी संपत्तियों पर भी कसेगा शिकंजा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिचितों व रिश्तेदारों के नाम दर्ज कई संपत्तियों का संचालन राजीव राना और आदित्य उपाध्याय ही कर रहे हैं। ऐसे में अब बीडीए उनसे जुड़े लोगों के नाम पर दर्ज संपत्तियों की भी जांच कर रहा है। लेखपाल भी इस काम में जुट गए हैं। इसमें एक मकान और खेत सामने आया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। एक पक्ष ने यह संपत्ति अपने परिचित को दिलाई है और उनका संचालन भी खुद ही कर रहा है। वहीं, आरोपियों ने जमीन कब्जा कर कई कॉलोनियां भी बसाई हैं। इन कॉलोनियों को भी बीडीए ने रडार पर ले लिया है।