पुलिस पर कॉलेज में तोड़फोड़ करने वाले छात्रों पर कार्रवाई न करने का आरोप
शिक्षक-कर्मचारी संघ की बैठक में पुलिस को दिया गया था तीन दिन का समय
बरेली। बरेली कॉलेज में कर्मचारी से मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में शिक्षक और कर्मचारी संघ के अल्टीमेटम के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की लिहाजा सोमवार से कॉलेज अनिश्चितकाल के लिए बंद हो जाएगा। शिक्षक और कर्मचारी संघ की ओर से रविवार को कहा गया कि आरोपियों पर कार्रवाई होने तक कॉलेज बंद रहेगा।
बरेली कॉलेज में पिछले दिनों दो बार उपद्रव और तोड़फोड़ हुई थी। एक बार कर्मचारी को भी पीटा गया था। दोनों बार पुलिस को तहरीर दी गई लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था, साथ ही यह भी कहा था कि पुलिस-प्रशासन के अफसरों से आग्रह करने के बावजूद कॉलेज में पर्याप्त फोर्स तैनात नहीं किया गया। इस वजह से शिक्षक और कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन के रवैये से नाराज कॉलेज के शिक्षक संघ और कर्मचारी संघ की 22 अक्तूबर को हुई बैठक में अल्टीमेटम दिया गया था कि अगर 24 अक्तूबर तक पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई न की तो 25 अक्तूबर से कॉलेज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की ओर से रविवार शाम तक कोई कार्रवाई नहीं की गई लिहाजा निर्णय के तहत सोमवार से कॉलेज को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की भी मांग की जाएगी।
शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि कॉलेज में शैक्षिक गतिविधियां ठीक से चल पाएं, इसके लिए जरूरी है कि उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्र ने भी इस पर सहमति जताई है। दोनों ही संगठन अपने कॉलेज बंदी के अपने निर्णय पर अडिग हैं।
टालमटोल : एक दिन पहले मांगे आरोपियों के नाम
बरेली कॉलेज को सोमवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की चेतावनी 22 अक्तूबर को ही दे दी गई थी लेकिन पुलिस ने रविवार को कॉलेज प्रशासन की तहरीर में आरोपियों के नाम न होने की बात कहते हुए कार्रवाई करने में मजबूरी जताई। इसके बाद रविवार को अवकाश के बावजूद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के पदाधिकारी कॉलेज पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से दो छात्रों की पहचान कर उनके नाम पुलिस को सौंप दिए लेकिन इसके बावजूद देर रात तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा के मुताबिक बोर्ड ने सामूहिक तौर पर 18 अक्तूबर को कॉलेज में तोडफोड़ करने वाले दो छात्रों के नाम तय किए। थाना बारादरी पुलिस को इन दोनों नामों को विवेचना में शामिल करने के लिए पत्र भेज दिया गया है। इसके अलावा 13 अक्तूबर को मारपीट करने वालों और दूसरे उपद्रवियों की पहचान भी वीडियो फुटेज से की जा रही है। इन्हें चिह्नित करने के बाद उनके निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
दिवाली के बाद ज्वॉइन करेंगे नए प्राचार्य
प्राचार्य पद की परीक्षा में सफल घोषित शिक्षकों को कॉलेज ज्वॉइन करने के लिए आयोग से मेसेज भेजा जा रहा है। इसमें दिवाली बाद सभी की नवीन तैनाती होने की उम्मीद है। बरेली कॉलेज के नए प्राचार्य के दिवाली बाद कार्यभार संभालने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन के पास प्रशासनिक कुशलता दिखाने के लिए आठ दिन का समय शेष है।