बुधवार रात करीब दो बजे हुई वारदात, चकमा देकर भागे बदमाश
विज्ञापन
बदमाशों की तलाश में कई घंटे तक कांबिंग करती रही पुलिस
सीबीगंज। बैंक ऑफ बड़ौदा की परसाखेड़ा शाखा में बुधवार रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश बैंक को लूटने के इरादे से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, लेकिन बदमाश वहां से भागने में कामयाब रहे।
थाना सीबीगंज की परसाखेड़ा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह के मुताबिक, बुधवार रात वह अपनी टीम के साथ परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। रात लगभग दो बजे वह परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक पर पहुंचे तो उनकी नजर बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के मेन गेट पर पड़ी। वहां तीन-चार बदमाश ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी आती देखी तो भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, लेकिन बदमाश वहां से भागने में कामयाब रहे। देवेंद्र सिंह ने फौरन ही इसकी सूचना थाने में दी तो अन्य स्टाफ भी पहुंच गया। इसके बाद बदमाशों की तलाश में काफी देर तक कांबिंग की गई लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। हालांकि पुलिस अपनी तरफ से फायरिंग करने की बात से इनकार कर रही है।
नहीं दर्ज की गई रिपोर्ट
इस घटना को लेकर पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीबीगंज पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने ताला तोड़ने की कोशिश की। वे इसमें कामयाब नहीं हुए, इसलिए रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पुलिस की सतर्कता से बच गई वारदात
बैंक ऑफ बड़ौदा की यह शाखा परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। यही वजह रही कि बड़ा हाथ मारने की योजना बनाकर ही बदमाश यहां वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। मगर अचानक पुलिस के पहुंचने से उनकी योजना फेल हो गई और बड़ी घटना होने से बच गई।