प्रभारी मंत्री का बरेली जंक्शन पर स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
पार्टी पदाधिकारी दिन भर बिजली संबंधी दिक्कतों को सूचीबद्ध करने में जुटे रहे
बरेली। जिला योजना समिति की बैठक में शामिल होने के लिए आए ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के सामने शुक्रवार को जिले में बिजली आपूर्ति की घटिया स्थिति और बिजली बिलों में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारी दिन भर बिजली संबंधी दिक्कतों को सूचीबद्ध करने में जुटे रहे। प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर बिजली निगम के दफ्तरों में भी तैयारियां चलती रहीं। जर्जर तारों से आए दिन हो रहे हादसों का मुद्दा भी उठेगा।
गलत बिजली बिल जारी होने को लेकर ऊर्जा मंत्री की ओर से कई बार निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद बिलिंग व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। मीटर रीडिंग एजेंसी की लापरवाही से हर महीने बड़ी संख्या में गलत बिजली बिल अब भी जारी हो रहे हैं। जिले के प्रभारी और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम में बिजली निगम की समीक्षा बैठक के लिए समय निर्धारित नहीं किया गया है। इसके बावजूद बिजली निगम अफसरों ने पूरी तैयारी कर रखी है।
प्रभारी मंत्री के दौरे को देखते हुए बृहस्पतिवार को ही मुख्य अभियंता ने सभी एसई और एक्सईएन को बिजली सप्लाई निर्बाध रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खंड में चल रही विकास योजनाओं की सूची के साथ सभी एक्सईएन से शुक्रवार को सर्किट हाउस में उपस्थित रहने को कहा गया है।
संविदा कर्मियों की हड़ताल को लेकर पुलिस फोर्स की मांग
ऊर्जा मंत्री के शहर में होने के दौरान संविदा बिजली कर्मियों के प्रदर्शन को देखते हुए बिजली निगम अफसरों की परेशानी बढ़ी हुई है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी किसी सबस्टेशन पर आपूर्ति ठप न कर दें, इसे लेकर सबस्टेशनों पर पुलिस फोर्स की तैनाती के लिए भी बिजली निगम की ओर से एसएसपी को पत्र लिखा गया है। हालांकि देर रात संविदा कर्मचारियों की ओर से कार्य बहिष्कार वापस लेने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। हड़ताल समाप्त होने के बाद देर रात कर्मचारी काम पर लौट आए।