संडे में एटीएम पूरी तरह छुट्टी के मूड में रहे। महीने के पहले संडे को लोगाें को बाजार से खरीदारी करनी थी। लेकिन उनका प्लान चौपट हो गया। जिले में बमुश्किल तीन दर्जन एटीएम चल पाए। सोमवार को बैंकाें की एक बार फिर परीक्षा होगी, क्योंकि वेतनभोगी और पेंशनधारक पेमेंट लेने भारी तादात में पहुंचेंगे। बताया जाता है कि बैंकाें में अभी पर्याप्त कैश नहीं पहुंचा है। इससे अफरातफरी की स्थिति बनने की संभावना है। अमर उजाला टीम ने रविवार को पूरे शहर का चक्कर लगाकर एटीएम की स्थिति का जायजा लिया। पेश है लाइव रिपोर्ट-
एटीएम का हाल- शहर का चक्कर
- कालीबाड़ी में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसीके दो, एक्सिस बैंक और एसबीआई समेत आधा दर्ज एटीएम हैं। संडे में सभी बंद थे। लोग सुबह से ही कैश निकालने के लिए चक्कर लगा रहे थे, लेकिन निराशा हाथ लगी।
- रोडवेज स्थित एचडीएफसी एटीएम का शटर गिरा हुआ था, कमल सिनेमा के पास यूको बैंक का एटीएम भी हमेशा की तरह बंद रहा। जंक्शन रोड और कोहाड़ापीर स्थित सिंडिकेट बैंक का एटीएम बंद रहा।
- जिला अस्पताल के पास पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इलाहाबाद बैंक, एसबीआई और बीओबी के सभी एटीएम बंद रहे। बाजार में आए तमाम लोग एटीएम बंद होने से खरीदारी नहीं कर पाए।
- कोहाड़ापीर, नैनीताल मार्ग सबसे व्यस्त रहता है। लेकिन यहां भी एटीएम का बुरा हाल रहा।
- रामजानकी मंदिर के पास एचडीएफसी का एक एटीएम खुला था, यहां खूब लंबी लाइन थी। वहीं महिला पीएनबी बैंक के एटीएम में पुरुषाें की लंबी लाइन लगी हुई थी। कुछ देर बाद यहां कैश खत्म हो गया।
- पीलीभीत बाईपास के सभी बैंकाें के एटीएम बंद रहे। यही स्थिति पुराना शहर में भी बनी रही।