बरेली में गैंगस्टर के आरोपियों की 36.15 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई। इनमें बिहार मान नगला में सीलिंग की जमीन कब्जाने के आरोपियों की सर्वाधिक संपत्ति है। स्मैक तस्करों व गोकशी के आरोपियों को भी नहीं बख्शा गया है। एसएसपी अखिलेश चौरसिया की रिपोर्ट पर डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने जब्तीकरण की कार्रवाई पूरी की है।
रिपोर्ट के मुताबिक सीलिंग की जमीन कब्जाने के आरोपी रमनदीप सिंह निवासी शाहदाना थाना बारादरी ने अपने परिजनों अमनदीप सिंह एवं सहयोगियों हनी कुमार भाटिया निवासी रेजीडेंसी गार्डन, अरविंदर सिंह, युवराज सिंह व सतवीर सिंह निवासी जनकपुरी द्वारा धोखाधड़ी व जमीनों पर अवैध ढंग से कब्जा किया गया था।
ये लोग अवैध तरीके से धन अर्जित कर संपत्ति बनाते रहे। इसके खिलाफ इज्जतनगर थाने में गैंगस्टर एक्ट की रिपोर्ट भी दर्ज है। विभिन्न तरह की जांचों से इनकी करीब 36 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
इनके अलावा बहेड़ी के सुकटिया गांव निवासी मादक पदार्थ तस्कर सगे भाई प्रेमपाल व शिवचरन के खिलाफ भी गैंगस्टर का मामला दर्ज है। इन दोनों भाइयों की एक करोड़ दो लाख पचास हजार आठ सौ सैंतीस रुपये की संपत्ति जब्त की गई। भुता के गांव मल्हपुर निवासी नईम ने अपने गिरोह के लोगों द्वारा गोकशी के जरिये करीब पचपन हजार रुपये की चल संपत्ति बनाई थी, इसे भी जब्त कर लिया गया।