बरेली। एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने में अनदेखी से दो माह में रैबीज की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। लिहाजा, स्वास्थ्य विभाग ने अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एआरवी उपलब्ध करा दी है। सीबीगंज पहली पीएचसी है, जहां वैक्सीन लगने लगी है।
बृहस्पतिवार को सीबीगंज क्षेत्र के अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, डीएसओ डॉ. अखिलेश्वर सिंह, मंडलीय अर्बन हेल्थ कंसल्टेंट डॉ. गंगाशरण, नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह के निर्देशन में एआरवी लगाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मधु गुप्ता ने बताया कि पशुओं के काटने से रैबीज होने की आशंका होती है। खासकर कुत्ते, बिल्ली, सियार, बंदर आदि। इनके काटने पर 24 घंटे के भीतर वैक्सीन लगनी चाहिए। कहा कि अब स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण शुरू हो गया है। सीबीगंज समेत आसपास के लोगों को अगर कोई पशु काटे तो उसे तत्काल वैक्सीन लग जाएगी और से रैबीज से बच सकेंगे। ब्यूरो