हवलदार की हत्या के पीछे गहरा राज
सेना के हवलदार कमल जोशी की हत्या को लेकर वजह फिलहाल साफ नहीं है पर इसके पीछे कोई गहरा राज जरूर है। सीसीटीवी फुटेज और तीनों संतरी से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस कैंट थाने में आरोपी से पूछताछ कर रही है। शनिवार तक स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
घटना के बाद एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने साक्ष्य जुटाए। पता लगा कि कमल व राजेश दोनों एक ही यूनिट के सैन्यकर्मी होने के नाते साथ काम कर चुके थे। देहरादून में भी वह साथ रहे थे। कमल अब स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले रहे थे, जिसमें मामूली औपचारिकता बची थीं। इसीलिए वह यहां आए थे। शायद पुराने संबंधों के चलते वह राजेश के साथ टहल रहे थे, इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई।