इसी खिड़की के सरिया काटकर फरार हुए थे बंदी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में न्यायालय परिसर स्थित सदर हवालात की पिछली खिड़की के सरिया काटकर शुक्रवार शाम दो बंदी फरार हो गए। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव है, जिसके खिलाफ हत्या, अपहरण व लूट के 47 मुकदमे कोतवाली व अन्य थानों में दर्ज हैं।
वहीं दूसरा सीबीगंज निवासी पॉक्सो एक्ट का आरोपी सचिन सैनी है। दोनों पर गैंगस्टर लग चुका है। कोतवाली में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसएसपी ने लापरवाही बरतने के मामले में एसआई वीरेंद्र कुमार, सिपाही प्रांशू कुमार और रॉबिन को निलंबित कर दिया।
जिला जेल (सेंट्रल जेल-2) से शुक्रवार को 61 बंदियों व कैदियों को उनके केसों की सुनवाई के लिए कोर्ट लाया गया था। इनमें बिहारीपुर ढाल के ललिता देवी मंदिर के पास रहने वाले अंकित यादव की एडीजे फाइव कोर्ट में पेशी होनी थी। वहीं मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे वर्तमान में सीबीगंज के पचतौर गांव निवासी सचिन सैनी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाना था।