मई में बरेली में हुई सेना भर्ती रैली में जिन अभ्यर्थियों ने मेडिकल क्वालीफाई किया था उन्हें लिखित परीक्षा के लिए रविवार को बुलाया गया है। अभ्यर्थी कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल में परीक्षा देंगे। इसके लिए सेना ने खास इंतजाम किये हैं। परीक्षा सुबह नौ से 10 बजे तक होगी लेकिन अभ्यर्थियों को सुबह तीन बजे तक स्कूल परिसर में उपस्थित रहना होगा। परीक्षा शुरू होने से पहले सेना इन युवाओं के शैक्षणिक व अन्य प्रमाणपत्रों की जांच करेगी। बायोमीट्रिक जांच भी की जाएगी। इसके बाद आनलाइन जारी एडमिट कार्ड के आधार पर अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
सेना भर्ती निदेशक कर्नल राजीव दीक्षित ने बताया कि लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केन्द्र पर सेना के साथ पुलिस भी मुस्तैद रहेगी। किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बिना एडमिट कार्ड अभ्यर्थी को इंट्री नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा हवलदार एजूकेशन, सोल्जर जीडी, सोल्जर टेकभनीकल और ट्रेडमैन पदों पर भर्ती के लिए होगी।
10 संदिग्धों पर कड़ी नजर
बरेली। सेना भर्ती रैली की लिखित परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किये गये हैं। गड़बड़ी करने के संदर्भ में 10 संदिग्ध लोगों के साथ ही ग्रीन पार्क और सुभाषनगर इलाके में रहने वाले दो सेना से जुड़े लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटलों और धर्मशालाओं पर भी इंटेलीजेंस की नजर है। सूत्रों के मुताबिक लाल फाटक, सेटेलाइट बस अड्डे के पास, संजयनगर, बरेली कॉलेज के पास रहने वाले कुछ दलालों पर भी खुफिया एजेंसियां नजर रखे हुए हैं।
दलालों की कमाई का फंडा
सूत्रों के मुताबिक दलालों की कमाई का फंडा यह है कि वह दो से तीन लड़कों को अपने जाल में फंसाकर दूसरे लड़कों तक यह मैसेज पहुंचवा देते हैं कि वह उन्हें पास करा सकते हैं। जबकि इसमें वास्तविकता नहीं है। इस तरह कोई किसी को पास नहीं करा सकता है। पास कराने का वादा करके वह ज्यादा से ज्यादा लड़कों से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं। उनमें से जो लड़के पास हो जाते हैं, उनके रुपये हड़प लिये जाते हैं। लड़कों को लगता यह है कि दलालों ने उन्हें पास करा दिया। इसलिए किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।