तूदाबंदी कराने के नाम पर मांगे थे रुपये
सीबीगंज। हबीब अहमद और नबी अहमद ने कुछ दिनों पहले पौने दो बीघा जमीन की तूदाबंदी (पैमाइश) कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। इसकी सरकारी फीस एक हजार रुपये भी बैंक में जमा करा दी थी। आरोप है कि तूदाबंदी कराने के लिए कानूनगो श्यामलाल ने हबीब से सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी। कहा कि रुपये नहीं दोगे तो तुम्हारा कोई काम नहीं हो पाएगा। हबीब अहमद ने पांच हजार रुपये में सौदा तय कर लिया। फिर 20 दिसंबर को एंटी करप्शन कार्यालय पहुंचकर कानूनगो की शिकायत कर दी थी। संवाद
भ्रष्ट है कानूनगो
हबीब की शिकायत पर प्रभारी निरीक्षक ने टीम तैयार की। डीएम को मामले की जानकारी देकर उनसे दो गवाह लिए। एंटी करप्शन टीम ने एक दिन पहले मीरगंज में घूमकर कानूनगो श्यामलाल के बारे में जानकारी जुटाई। पता लगा कि वह भ्रष्ट प्रवृत्ति का है और रुपये लिए बिना कोई काम नहीं करता है। इसके बाद गिरफ्तारी की रूपरेखा बनाई गई। शनिवार को टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम ने मीरगंज से कानूनगो को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ सीबीगंज थाने में रिपोर्ट कराई गई है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।