बरेली। अक्षय तृतीया के त्योहार को लेकर सराफा बाजार में उत्साह बढ़ गया है। कारोबारियों ने ग्राहकों की उम्मीदों और उनकी पसंद को ध्यान में रखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। बाजार में इस बार आधुनिक और पारंपरिक डिजाइनों का संगम देखने को मिल रहा है।
सराफा कारोबारी सुदेश अग्रवाल बताते हैं कि सोने और चांदी की कीमतों में लगातार जारी उतार-चढ़ाव ने इस बार ग्राहकों के खरीदारी के रुझान को भी प्रभावित किया है। भाव में अस्थिरता के कारण इस साल कम वजन वाले आभूषणों की मांग सबसे अधिक बनी हुई है। विशेष रूप से पांच ग्राम से लेकर 10 ग्राम तक की अंगूठियों की बुकिंग में इजाफा देखा जा रहा है।
मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए ये आभूषण बजट और निवेश दोनों लिहाज से पहली पसंद बने हुए हैं। हालांकि, बाजार में केवल हल्के आभूषणों का ही बोलबाला नहीं है। वर्तमान में सहालग जारी होने के कारण भारी आभूषणों, विशेषकर नक्काशी वाले हार और सेट की मांग भी बरकरार है। संपन्न वर्ग और शादियों की खरीदारी करने वाले लोग अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर भारी गहनों की डिलीवरी लेना पसंद कर रहे हैं।
व्यापारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शहर में साहूकारा, आलमगिरीगंज और सिविल लाइंस स्थित शोरूमों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इन इलाकों की बड़ी दुकानों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए नए कलेक्शन के साथ-साथ मेकिंग चार्ज पर विशेष ऑफर भी पेश किए हैं।
कारोबारियों का कहना है कि अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए भाव की परवाह किए बिना लोग शगुन के तौर पर खरीदारी करने जरूर पहुंच रहे हैं। व्यापारियों को इस अक्षय तृतीया पर अधिक कारोबार होने की उम्मीद है।