जितिन प्रसाद पर कसा तंज
उन्होंने कहा कि कोई नया प्रत्याशी आया है, जो कह रहे हैं कि हमें पहले पता होता है यहां से चुनाव लड़ना है तो पीलीभीत को बंबई बना देता। हम कहते हैं कि इसको बंबई मत बनाओ। बंबई अर्थव्यवस्था की राजधानी है। वहां नाचा-गाना भी होता है। भाजपा प्रत्याशी कौन सा पीलीभीत बनाना चाहते हैं। आगे कहा कि ये कई दल घूम आए हैं। इनका मामला सेट हो जाता है, तो दूसरे दल में भी चले जाते हैं। इन्होंने सड़क मंत्री बनते ही घोटाला किया। ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर उत्तर प्रदेश के सब रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। तब इनके ओएसडी को हटाना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 हजार करोड़ से ज्यादा पैसा सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में खर्च किया गया। कहीं गड्ढे भर गए हैं क्या।
'14 में आए थे और 24 में चले जाएंगे'
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने जिनकी सरकार बनवाई, 14 में आए थे और 24 में चले जाएंगे। उत्तर प्रदेश के लोग अगर स्वागत अच्छा करते हैं तो भाजपा के लोगों की विदाई भी धूमधाम से करेंगे। उन्होंने कहा कि इनकी गारंटी याद है। जिस तरीके से इन्होंने कोरोना में थाली और ताली बजाई थी। इसी तरह भाजपा की यह गारंटी नहीं, घंटी है। कहा था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे। इनकी गारंटी पूरी हो गई क्या। दो करोड़ नौकरियां देने की गारंटी पूरी हो गई क्या। इनकी सरकार में हर पेपर लीक हुआ है। यह उत्तर प्रदेश वाले कैसे मुख्यमंत्री हैं, इनका हर पेपर लीक हो जाता है।
'निराश होकर सुसाइड कर रहे नौजवान'
अखिलेश यादव ने बताया कि हमने एक नौजवान का सुसाइड नोट पढ़ा था। उसने मेहनत कर पढ़ाई पूरी कर डिग्री हासिल की। नौकरी के लिए लगातार परीक्षाएं दीं। जब उसे नौकरी नहीं मिली तो उस नौजवान बृजेश पाल ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि ऐसी डिग्री का क्या करूंगा, जो डिग्री मुझे नौकरी नहीं दिला सकती। उसने डिग्रियां जलाई और अपने मां-बाप बहन से माफी मांग कर आत्महत्या कर ली। क्या वह वापस आ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा उत्तर प्रदेश बन गया है, जहां पर छात्र-नौजवान निराश होकर आत्महत्या कर रहे हैं।
छुट्टा पशुओं की समस्या पर घेरा
अखिलेश ने कहा कि बहुत जानवर घूम रहे हैं। सड़कों, गांव और खेती में जानवर घूम रहे हैं। पीलीभीत में तो जंगली जानवरों से किसान परेशान हैं। भाजपा के नेताओं को सब पता रहता है लेकिन उन्हें यह पता नहीं है कि पीलीभीत में लगभग 300 किसानों की जान जा चुकी है। जंगल से जानवर आ रहे हैं। कभी खेत का नुकसान कर रहे हैं तो कभी आम लोगों का नुकसान कर रहे हैं। क्या भाजपा की गारंटी में था या नहीं था।
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में देश के प्रधानमंत्री कहकर गए थे कि भाजपा की सरकार बना दो। हमने ऐसा इंतजाम किया है कि 15 दिन के अंदर जानवर की समस्या का समाधान कर देंगे। सरकार बने कितने दिन हो गए हैं अब तो सात साल हो गए उत्तर प्रदेश की सरकार के और दिल्ली वालों के 10 साल हो गए। बताओ 17 साल का हिसाब किताब लोगे कि नहीं।
चुनावी गणित समझाया
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा वाले घबराए हुए हैं, क्योंकि परीक्षा के जो पेपर लीक हुए हैं उसे 70 लाख नौजवान निराश होकर घर वापस चला गया। लोगों को चुनावी गणित समझाते हुए कहा कि इससे भाजपा वालों के हर लोकसभा क्षेत्र में वोट कम हुए हैं। पीलीभीत में तो ज्यादा वोट कम हो गया है।
पीलीभीत की बांसुरी का जिक्र
उन्होंने कहा कि पीलीभीत हमारी बांसुरी के लिए भी जाना जाता है। यह बात तो प्रधानमंत्री भी जान गए, लेकिन पीलीभीत की जनता तो तब चैन की बंसी बजायेगी जब भारतीय जनता पार्टी यहां से जाएगी। इन्होंने हमारे हर बार लोगों को दुखी किया।
'यह संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव '
अखिलेश यादव ने कहा कि यह देश के भविष्य का चुनाव है। यह चुनाव संविधान बचाने का भी है। हमारा लोकतंत्र बचाने का भी चुनाव है। यह चुनाव हमारे आपके भाईचारा का है, जो मोहब्बत से हम लोग रहते आए हैं जो हमारे भारत की पहचान है। हमारी संस्कृति की पहचान है। उसको बचाने का भी चुनाव है। आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी चुनाव है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए इस देश के लोग एक हो गए थे तब देश की आजादी मिली थी। आज फिर हमें एक बार अपने संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ना पड़ेगा।