जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने भोजीपुरा में सिल्ट सफाई का किया शुभारंभ
बरेली। पिछले दिनों तेज बारिश और बाढ़ की चपेट में आने से जिले की कई पुल, पुलिया, बंधे क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिनकी मरम्मत के लिए अब तक बजट प्राप्त नहीं हुआ है। रविवार को बरेली आए प्रदेश के जल शक्ति मंत्री ने अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद भोजीपुरा स्थित रुहेलखंड रजवाह की सिल्ट सफाई का शुभारंभ किया। सफाई में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने रविवार को विभागीय अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में नहरों की सिल्ट सफाई, नहरों पर स्थित पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण/मरम्मत और नहर पटरियों को गड्ढामुक्त किए जाने संबंधी कार्यों पर समीक्षा बैठक की। मंत्री ने बाढ़ खंड विभाग को क्षतिग्रस्त हुए पुल, पुलिया, बंधा आदि की रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा। ताकि मरम्मत का कार्य शुरू हो सके। इसके बाद उन्होंने ने रुहेलखंड नहर के तहत भोजीपुरा राजवाह भोजीपुरा के 16.430 किलोमीटर पर सिल्ट सफाई कार्य का शुभारंभ किया। सफाई कार्य को समयसीमा, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ 30 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
साथ ही, नहरों पर कार्य से संबंधित बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य अभियंता (स्तर-1) हेमंत कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता (शारदा) एसपी सिंह, मुख्य अभियंता (पूर्वी गंगा) आरपी सिंह, अधीक्षण अभियंता बाढ़ बरेली मंडल हिमांशु कुमार, अधिशासी अभियंता रुहेलखंड नहर खंड मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड राजेंद्र कुमार, सहायक अभियंता वैभव बाजपेई, ताबिश अली व अन्य मौजूद रहे।