बरेली कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र में पठन-पाठन का माहौल बनाने के लिए चीफ प्रॉक्टर ने सख्ती बढ़ाई है। कॉलेज परिसर में वीडियो या रील बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। बुधवार को कॉलेज में जिन छात्र-छात्राओं ने रील बनाई थी, उनको नोटिस के माध्यम से पहली चेतावनी दी गई। इस कार्रवाई की जानकारी सभी छात्र-छात्राओं को दोपहर 12 बजे घंटाघर पर लाउड स्पीकर के माध्यम से सार्वजनिक घोषणा करके दी गई।
बरेली कॉलेज में रील बनाने, वीडियो बनाने या सार्वजनिक रूप से डांस करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि भविष्य में अगर कोई छात्र-छात्रा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त मिलता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबन भी किया जा सकता है। इसके अलावा अन्य एडवाइजरी भी जारी की है, जिसके तहत महाविद्यालय के भीतर बाइक, स्कूटी या साइकिल केवल स्टैंड पर लगेंगी। छात्र-छात्राओं को पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. इंदीवर सिंह ने बताया कि ये सख्ती कॉलेज में पठन पाठन का माहौल स्थापित करने के लिए आवश्यक है।
एक छात्र व दो छात्राओं को रील बनाने पर दी चेतावनी
बरेली कॉलेज में बुधवार को बीच कॉलेज रोड पर बारिश में रील बनाने के कारण बीए द्वितीय वर्ष के एक छात्र व दो छात्राओं को चेतावनी के लिए पहला नोटिस दिया गया। चीफ प्रॉक्टर के अनुसार जब एक छात्र को तीन नोटिस मिल जाएंगे तो उसका निलंबन हो जाएगा। ये अनुशासनात्मक कार्रवाई पठन-पाठन के माहौल को बरकरार रखने के लिए की गई।