बरेली। इज्जतनगर पुलिस और एसओजी की कार्रवाई में बुधवार को जेल भेजे गए स्मैक तस्करी के आरोपी आदेश तिवारी की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। जेल में मुलाकात करने पहुंचे भाई और भाभी के सामने ही आदेश की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आदेश के भाई ने एसओजी पर हल्की धारा लगाने के बदले दस लाख रुपये वसूलने व इज्जतनगर पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पोस्टमाॅर्टम के बाद मौत की सही वजह की जानकारी होगी।
फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मनकरी गांव निवासी आदेश तिवारी (28) को बुधवार दोपहर बाद जिला जेल (केंद्रीय जेल-2) भेजा गया था। आदेश और उसके पांच अन्य साथियों को गिरफ्तार कर इज्जतनगर थाना पुलिस व एसओजी ने गुडवर्क दिखाया था। एसपी सिटी मानुष पारीक की प्रेसवार्ता में सभी आरोपी मीडिया के सामने पेश किए गए थे। उस वक्त सबके चेहरों पर मास्क लगे थे।
आदेश के बड़े भाई अंशुल तिवारी बृहस्पतिवार सुबह पत्नी के साथ जेल पहुंचे थे। उन्होंने भाई से मुलाकात की पर्ची लगाई। फिर आदेश से मुलाकात हुई। जेल प्रशासन के मुताबिक, भाई-भाभी से बातचीत के दौरान आदेश की हालत बिगड़ गई। वह सीने पर हाथ रखकर गिर पड़ा। तब जेल प्रशासन ने एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आदेश को मृत घोषित कर दिया।