बरेली। मंदिर परिसर में कमरे के निर्माण को लेकर रविवार को कोतवाली बुलाए गए दोे पक्षों में कहासुनी होने पर हंगामा हो गया। विवाद बढ़ता देख कोतवाल ने जेल भेजने की धमकी दी तो वे शांत होकर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहारीपुर सिविल लाइंस में जीजीआईसी रोड पर होलिका देवी मंदिर है। 20 साल पहले मंदिर कमेटी का गठन हुआ था, जिसके अध्यक्ष हेमंत कुमार और सचिव पंडित रामेश्वर प्रसाद शर्मा हैं। मंदिर से सटी हुई खाली जगह पड़ी है। वहां कुआं था, जो अब पट चुका है। पड़ोस के ही संजय कुमार ने बताया कि मंदिर के पुजारी मोहित शर्मा के रहने के लिए मोहल्ले वाले खाली जगह पर कमरा बनवा रहे हैं, जबकि सचिव कुएं की जगह कमरा बनाने का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिस पर रामेश्वर प्रसाद ने कोतवाली में तहरीर दे दी थी। इसी मामले को लेकर कोतवाली बुलाए गए दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। कोतवाल राकेश वशिष्ठ ने दोनों गुटों को जेल भेजने की चेतावनी दी तो वे शांत होकर चले गए।
फोटो
एक गुट ने किला थाने का किया घेराव
कमरा खाली कराने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद
मुतवल्ली पर कार्रवाई की सूचना से नाराज था एक गुट
सिटी रिपोर्टर
बरेली। जसोली मेें मस्जिद का कमरा खाली कराने को लेकर रविवार को एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद हो गया। मुतवल्ली के खिलाफ कार्रवाई की सूचना मिलने पर एक गुट के लोगों ने किला थाने का घेराव किया। पुलिस ने दोनों गुटों को सोमवार को बातचीत के लिए थाने बुलाया है।
जसोली मोहल्ला स्थित घेर शाह मस्जिद के मुतवल्ली हाजी शाह आलम ने बताया कि परिसर में जगह कम होने की वजह से नमाजियों को सड़क पर बैठना पड़ता है। इस वजह से यातायात भी बाधित होता है। इसे देखते हुए कमेटी ने परिसर में बनी दुकानें और कमरे तोड़कर मस्जिद बड़ा बनाने का फैसला लिया था। एक कमरे में माझा कारोबारी रईस बेग परिवार समेत रहते हैं, जो कमरा खाली करने को तैयार नहीं हैं, जबकि बाकी किराएदारों ने छोड़ दिया। इसी बात को लेकर शनिवार शाम मुतवल्ली और रईस में कहासुनी हो गई थी। रईस की पत्नी ने मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाना किला में तहरीर दे दी। रविवार दोपहर 12 बजे पुलिस मुतवल्ली को बुलाने उनके घर पहुंची। इसका पता चलने पर आसपास के लोगों के हंगामा करने पर पुलिस लौट गई। दोपहर करीब तीन बजे जसोली के दर्जनों लोग किला थाने पहुंच हंगामा करने लगे। लोगों का कहना था कि मुतवल्ली के खिलाफ कार्रवाई होगी तो हम सब पर भी हो। इस दौरान टीटीएस के नासिर कुरैशी, अजमल नूरी, परवेज नूरी पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया।