‘सपा ही साहू राठौर समाज की हितैषी, मजबूत करें हमारे हाथ’
बरेली। सपा की ओर से स्वालेनगर में आयोजित साहू-राठौर सम्मेलन में मुख्य अतिथि एमएलसी जगजीवन प्रसाद साहू ने समाज के लोगों से एकजुट होकर सपा को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार और संगठन, दोनों में ही इस समाज को सम्मान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने साहू-राठौर समाज की उपेक्षा की है, प्रदेश में समाज का कोई मंत्री नहीं है। किसी भी पार्टी के हों, समाज के नेता हमारे साथ आएं हम उन्हें मजबूत करेंगे। कर्नाटक में 60 प्रतिशत साहू हैं, अगर वे अलग हो जाएंगे तो भाजपा को सरकार बचानी मुश्किल होगी। भाजपा का नरा झूठा है, उसने सिर्फ अपना विकास किया है। अखिलेश यादव के कामों पर योगी फीता काट रहे हैं। गाय-सांड़ किसानों के खेत चर रहे हैं, आय कैसे दोगुनी होगी इसलिए चुनाव में सपा-बसपा के प्रत्याशियों को जिताकर हमें मजबूत करें। सम्मेलन को पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, कार्यक्रम के संयोजक कमल साहू आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की। साहू-राठौर महासभा की ओर से जगजीवन प्रसाद को ज्ञापन देकर छोटेलाल गंगवार को बरेली लोकसभा से प्रत्याशी बनानी की मांग की गई। इस दौरान सत्येंद्र यादव, प्रमोद यादव, हैदर अली, शमीम सुल्तानी, आनंद साहू, विष्णु साहू आदि भी मौजूद रहे। कुंवरसेन साहू, आनंद साहू, विष्णु साहू और राहुल यादव को सपा की सदस्यता दिलाई गई।