बरेली। बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड पर कूड़े के ढेरों में आग लगाए जाने से रोकने के लिए नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने यहां सफाई कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। अब जो भी व्यक्ति वहां पर कूड़ा जलाते पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
दिवाली पर शहर में पांच गुना तक प्रदूषण बढ़ गया है। इसी बीच बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में आग लगाए जाने के बाद उसके धुएं से आसपास के इलाकों में स्थिति और भी खराब हो गई है। नगर आयुक्त का कहना है कि कूड़े के ढेरों में लोहा और कबाड़ बीनने वाले लोग आग लगा देते हैं ताकि कूड़ा जलने के बाद लोहा और कबाड़ बीनना आसान हो जाए। नगर आयुक्त ने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड पर अब तीन सफाई कर्मचारियों को निगरानी के लिए लगाया गया है। अब कोई भी आग लगाते पकड़ा जाएगा तो उस पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।