चुनाव चिन्ह देखने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अब 60 वार्डों में 847 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे, आवंटित किए गए प्रतीक चिन्ह
बरेली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बुधवार को 67 दावेदारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। अब 60 वार्डों में 847 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। निर्धारित समय के बाद सहायक निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्याशियों को प्रतीक आवंटित कर दिए हैं।
कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को सुबह आठ बजे से ही दावेदारों और उनके प्रस्तावकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस कर्मियों ने लाइन लगवाना शुरू कर दिया। दोपहर तक नामांकन कक्षों के बाहर इतनी भीड़ हो गई कि काबू करने के लिए पुलिस कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई तो प्रतीक चिह्न आवंटन का काम शुरू हुआ। कुछ प्रत्याशी मनमाफिक चिह्न चाहते थे लेकिन उन्हें आयोग की गाइड लाइन का हवाला देते हुए नियमानुसार प्रतीक दिए गए। एआरओ ने प्रतीक आवंटन के साथ ही कक्षों के बाहर सूची चस्पा करवा दी।
कोविड नियमों का नहीं हुआ पालन
कोविड नियमों के पालन को लेकर अफसर लगातार दिशा निर्देश दे रहे हैं लेकिन इसका पालन कलक्ट्रेट में जुट रही चुनावी भीड़ में नहीं हो पा रहा है। पुलिस के दबाव में मास्क तो लोग मास्क तो लगा लेते हैं मगर सामाजिक दूरी और सैनिटाइजर का प्रयोग नहीं दिखता है। बुधवार को कलक्ट्रेट में आलम यह था कि निर्वाचन कक्षों के बाहर सामाजिक दूरी के नियम को दरकिनार करते हुए लोग एक दूसरे से सटकर खड़े थे।