फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में मलेरिया का प्रकोप: लगातार दूसरे दिन मिले 59 मरीज, अगस्त में अब तक 564; दो लोगों को डेंगू

Sat, 19 Aug 2023 06:15 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में बदलते मौसम में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। अगस्त के 18 दिनों में मलेरिया के 564 मरीज मिल चुके हैं। दो दिन से लगातार 50 से अधिक मरीज मिले हैं। इससे जिला अस्पताल के सभी बेड फुल हो गए हैं।  
विज्ञापन
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में मलेरिया पर रोकथाम के दावों के बीच मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। शुक्रवार को भी जिलेभर में मलेरिया के 59 मरीज मिले हैं। दो लोग डेंगू की भी चपेट में हैं। बृहस्पतिवार को मलेरिया के 50 मरीज मिले थे। इस तरह से अगस्त के 18 दिनों में मलेरिया के 564 मरीज मिल चुके हैं। इस वर्ष जनवरी से अब तक मलेरिया रोगियों की संख्या 1076 और डेंगू रोगियों की 25 हो चुकी है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य केंद्रों पर शुक्रवार को बुखार से पीड़ित करीब 500 मरीज पहुंचे। जांच में 59 लोगों में मलेरिया और दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक, शेरगढ़ में 44, मीरगंज में 12, बिथरी, फतेहगंज, कुआटांडा में मलेरिया का एक-एक मरीज मिला है। दो मरीज डेंगू से पीड़ित रहे। जिन्हें दवाएं दी गईं। साथ ही, परिजनों को बचाव का उपाय बताया गया।

ये भी पढ़ें- बरेली में फिर बवाल: शीशगढ़ में धार्मिक टिप्पणी से आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर घेरा, पथराव; सीओ से धक्कामुक्की
विज्ञापन


वहीं, लखनऊ से निरीक्षण के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को मीरगंज के गांव गूला और ठिरिया ब्रह्मनान में निरीक्षण के बाद नवाबगंज सेंथल के हालात परखे। टीम में डाॅ. अमृत शुक्ला, एमएनई ऑफिसर राहुल शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान गूला में बुखार की चपेट में मिले 49 लोगों में नौ की मलेरिया जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। ठिरिया ब्रह्मनान में 50 सैंपल की जांच में 10 पीड़ित रहे।

मलेरिया रोगियों की संख्या 

  • जनवरी- 2 
  • फरवरी- 4 
  • मार्च- 3
  • अप्रैल- 12
  • मई- 38
  • जून-183
  • जुलाई-270
  • अगस्त-564
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि हमारी सभी टीमें सक्रिय हैं। प्रभावित इलाकों में जांच हो रही है। स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया और डेंगू की जांच किट और दवाएं उपलब्ध हैं। लोगों से अपील है कि वह घर के आसपास स्वच्छता रखें। जलभराव न होने दें। 

जिला अस्पताल के सभी बेड फुल 

बदलते मौसम में बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इस वजह से जिला अस्पताल के सभी बेड भर गए हैं। नए मरीज भर्ती करने के लिए शुक्रवार को आई वार्ड में 10 बेड का नया वार्ड बनाया गया। आगे और मरीज भर्ती होने की स्थिति में महिला अस्पताल से सहयोग लेने की तैयारी है।
विज्ञापन

डेंगू और मलेरिया के लक्षण

अचानक तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों में दर्द, जोड़ और मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, त्वचा पर चकत्ते, हल्का रक्तस्राव डेंगू के लक्षण हैं। बुखार के साथ ठंड लगना, मानसिक भ्रम, सांस लेने में तकलीफ, गहरी सांस लेना, मतली आना मलेरिया के लक्षण हैं। सीएमओ ने लक्षण उभरने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर ही दवा का सेवन करने का सुझाव दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें