डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में केडीईएम इंटर कॉलेज की मेजबानी में खेली गई 64वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मीरगंज ओवरऑल चैंपियन रहा। मीरगंज के खिलाड़ियों ने ज्यादातर ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। जेडी शिव प्रकाश द्विवेदी और डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की।
प्रतियोगिता में जिले को आठ जोन-उत्तरी जोन, दक्षिणी जोन, पूर्वी जोन, मीरगंज, आंवला, फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज में बांटा गया। तीन दिन चली प्रतियोगिता में मीरगंज के खिलाड़ियों का जलवा रहा। ओवरऑल चैंपियन बनने के बाद टीम चैंपियनशिप में जूनियर बालक, जूनियर बालिका, सब जूनियर बालक, सब जूनियर बालिका में मीरगंज विजेता रहा। व्यक्तिगत चैंपियन में जूनियर बालक में मीरगंज के आजम खां विजेता रहे। टीम चैंपियनशिप सीनियर बालक वर्ग में दक्षिणी जोन, सीनियर बालिका वर्ग में उत्तरी जोन विजेता रहा। व्यक्तिगत चैंपियन में सीनियर बालक में दक्षिणी जोन के मोहम्मद अलीम, सीनियर बालिका में उत्तरी जोन की नैना कपूर, संजना पाल चैंपियन रहीं। जूनियर बालिका में उत्तरी जोन की अंजलि सिंह, सब जूनियर बालिका में उत्तरी जोन की नीतू राजपूत विजेता रहीं। समापन के मौके इस्लामियां गर्ल्स इंटर कॉलेज, राम भरोसे गर्ल्स इंटर कॉलेज, कुुसुम कुमारी, केपीआरसी की छात्राओं ने गीत संगीत के कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जेडी शिव प्रकाश द्विवेदी और डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौैके पर केडीईएम के प्रधानाचार्य डॉ. हरीश कुमार स्वामी, जीआईसी के प्रधानाचार्य रामपाल सिंह, डॉ. सुभाष चंद्र मौर्या, नईम अहमद, अर्चना राजपूत, शाहिद रजा, चमन जहां, डॉ. आरबी तिवारी, मीरा आदि मौजूद रहीं।
सब प्रोग्राम में रहे, छात्रा की बिगड़ गई तबीयत
कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी। छात्रा मंच के पीछे पड़ी एक बेंच पर लेट गई। वह दर्द से कराहती रही, लेकिन न संबंधित कॉलेज और न ही अधिकारियों को उसकी परेशानी नजर आई। वहां से कई शिक्षक भी गुजरे, लेकिन उसका हाल किसी ने नहीं लिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही उसे घर भेजा गया।