बरेली के हजियापुर मोहल्ले के एक मकान में मच्छर भगाने के लिए सुलगाई गई क्वाइल से बिस्तर में लगी आग से जलकर नवजात बच्ची की मौत हो गई। साथ सो रहे माता-पिता ने लपटों से अहसास होने पर किसी तरह आग बुझाई भी, मगर तब तक 28 दिन की यह बच्ची 70 फीसदी झुलस चुकी थी।
हजियापुर निवासी फरीद और उनकी पत्नी रुखसार बच्ची रौनक के साथ शुक्रवार रात एक ही बिस्तर पर सोए थे। इन लोगों ने फर्श पर क्वाइल सुलगाई थी। कुछ देर बाद बराबर में रखी अंडे की कैरेट ने आग पकड़ ली, फिर लिहाफ के कोने से आग बिस्तर में फैल गई। गहरी नींद में सो रहे माता-पिता बच्ची की चीख भी नहीं सुन पाए।